अजयराज हत्याकांड के आरोपी को मारने निकला था बदमाश पुलिस ने किया फायर, पैर में लगी गोली
चित्तौड़गढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। पिछले वर्ष सेमलपुरा के समीप हुए अजयराज सिंह हत्याकांड के मामले में पैरोल पर चल रहे ईश्वरसिंह डेट की हत्या के इरादे से निकले सदर थाने के हिस्ट्रीशीटर प्रेमसिंह की पुलिस से भिडंत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस पर फायर किया और जवाबी कार्यवाही में प्रभुसिंह के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए सांवलिया चिकित्सालय के ट्रोमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके बाद अस्पताल के वार्ड में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने भी अस्पताल में दौरा किया और घटनाक्रम की जानकारी ली है। बताया जाता है कि शंभूपुरा थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद पुलिस अधीक्षक भी मौके पर गए थे।एफएसएल टीम मौके पर साक्ष्य जुटाने मेंं लगी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रभुसिंह चित्तौड़गढ़ सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अवैध हथियार के साथ दूसरे गैंग से चल रही रंजिश के चलते घूम रहा है और गैंगवार की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने तलाश शुरु की और शंभुपूरा थाना क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान बदमाश ने फायरिंग शुरु कर दी। इसके जवाब में क्रॉस फायरिंग हुई और प्रभु सिंह के पैर में गोली लगी। घटना के बाद प्रभु सिंह के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने शंभूपुरा थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
अस्पताल बना छावनी
करीब 4 बजे हुए घटनाक्रम के बाद घायल प्रेमसिंह को अस्पताल लाया गया और उसके बाद से ही अस्पताल में भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया। अस्पताल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। बताया जाता है कि प्रेमसिंह के दाहिने पैर में गोली लगी है। इसके बाद क्विक रिस्पांस टीम सहित सदर थानाधिकारी प्रेम सिंह मय जाप्ता अस्पताल में तैनात रहे। सुरक्षा कारणों से आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
पुलिस ने बताया गैंग की रंजिश
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रेम सिंह चौहान की भैरू झुपड़ा और ईश्वर सिंह डेट से रंजिश चल रही थी और वह उस पर हमला करने की फिराक में था। उन्होंने बताया कि आरोपी प्रेमसिंह पर 18 मुकदमे दर्ज है और वह सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। इस बारे में विस्तृत पूछताछ की जा रही है और इसी आधार पर आगे कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है और अजयराज सिंह हत्याकांड का आरोपी ईश्वर सिंह डेट पैराेल के दौरान किन-किन लोगों के सम्पर्क में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

