home page

राजगढ़ः सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान विचाराधीन कैदी की मौत

 | 
राजगढ़ः सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान विचाराधीन कैदी की मौत


राजगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ सिविल अस्पताल में सोमवार की रात उपचार के दौरान एक विचाराधीन कैदी की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार, राघोगढ़ (जिला गुना) के पीपलखेड़ी निवासी 48 वर्षीय पर्वत पुत्र सिंगाजी भील को 12 जुलाई को जेल में पेट दर्द की शिकायत होने पर नरसिंहगढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी उपचार के दौरान सोमवार रात तबीयत अचानक बिगड़ गई और चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक पर्वत को करीब एक माह पहले बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था। वह विचाराधीन कैदी था और मामले की सुनवाई चल रही थी। स्वास्थ्य खराब होने पर जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक