जबलपुर : जिला न्यायालय परिसर में धमाके से दहशत, पुलिस जांच तेज, अब तक सुराग नहीं
जबलपुर, 17 मार्च (हि.स.)। मप्र के जबलपुर जिला न्यायालय परिसर में कोर्ट नंबर-2 के पास सोमवार शाम हुए धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के दूसरे दिन मंगलवार को भी इसका असर साफ दिखाई दिया, जहां अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों के बीच दिनभर इसी घटना को लेकर चर्चा और चिंता बनी रही।
धमाके के कारणों को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिससे लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और घटना को गंभीर मानते हुए जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और अन्य चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों की पहचान के लिए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि किसी ठोस सुराग तक पहुंचा जा सके।
घटना के बाद से पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई। मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस का सख्त पहरा रहा और परिसर में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की गहन जांच की गई। संदिग्ध नजर आने वालों से पूछताछ भी की जा रही है और जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में कोई कोताही नहीं बरती जा रही है। हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

