जींद : चार पिस्तौल व सात जिंदा कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार
जींद, 03 अप्रैल (हि.स.)। अलग-अलग स्थानों से सीआईए स्टाफ ने तीन युवकों को काबू कर उनके कब्जे से चार पिस्तौल तथा सात कारतूस बरामद किए हैं। संबंधित थाना पुलिस ने पकड़े गए तीनों युवकों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित असलहा को कहां से लेकर आए, अवैध असलहा रखने के पीछे उद्देश्य क्या रहा। इसके बारे में पूछताछ की जा रही है।
सीआईए थाना प्रभारी अनूप सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए स्टाफ को सूचना मिली थी कि गांव अहिरका के निकट एक युवक अवैध असलहा के साथ खड़ा हुआ है। जो कहीं जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कारवाई करते हुए युवकों को काबू कर लिया।
पुलिस कर्मियो ने जब युवक की तलाशी ली तो उसके कब्जे दो पिस्तौल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान गांव अहिरका निवासी निशांत उर्फ हर्ष के रूप में हुई। वहीं सीआईए स्टाफ नरवाना ने एक निजी स्कूल के निकट चमेला कालोनी निवासी अमन उर्फ मनी को काबू कर उसके कब्जे से एक पिस्तौल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उधर सीआईए स्टाफ नरवाना ने गांव भाणा ब्राह्मणन निवासी गोल्डी को काबू कर उसके कब्जे से एक पिस्तौल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। संबंधित थाना पुलिस ने अवैध असलहा के साथ पकड़े गए तीनों युवकों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

