जींद : हेरोइन व चार किलोग्राम गांजा सहित मां-बेटा गिरफ्तार
जींद, 20 मार्च (हि.स.)। सीआईए स्टाफ नरवाना कि टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश कर मां व बेटे को 260 ग्राम 060 मिलीग्राम हेरोइन व चार किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान चमेला कालोनी निवासी समीर व उसकी मां मुन्नी के रुप में हुई है।
सीआईए प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए नरवाना की एक टीम सहायक उपनिरीक्षक अवतार सिंह के नेतृत्व में विश्वकर्मा चौक के नजदीक मौजूद थी। तभी सूचना मिली कि चमेला कॉलोनी नरवाना में मां व बेटा हेरोइन व गांजा की तस्करी का धंधा करते हंै और इस समय मोहलखेड़ा रेलवे ओवरब्रिज पर हेरोइन व गांजा की सप्लाई के लिए खड़े हैं।
सीआईए टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोहलखेड़ा रेलवे ओवरब्रिज नरवाना पर छापेमारी कर दोनों मां व बेटे को काबू कर लिया। नियमानुसार आरोपितों की तलाशी लेने पर उनके द्वारा लिए हुए बैग से 260 ग्राम 060 मिलीग्राम हेरोइन व चार किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसकी किमत लगभग 27 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों के खिलापु नशा तस्करी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

