राजगढ़ में ट्रक से 9 किलो से ज्यादा चूरा पोस्त बरामद, चालक गिरफ्तार
नाहन, 01 मई (हि.स.)। सिरमौर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से बड़ी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद किया है। यह कार्रवाई वीरवार को पुलिस थाना राजगढ़ की टीम ने गश्त के दौरान की।
पुलिस के अनुसार, टीम पबयाना के पास गश्त कर रही थी और मादक पदार्थों से जुड़ी सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रक में चूरा पोस्त लेकर सोलन से राजगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बटोल (सनौरा) मुख्य सड़क पर नाकाबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया।
ट्रक के चालक ने पूछताछ में अपना नाम रामलाल शर्मा, निवासी गांव भनोग, तहसील राजगढ़, जिला सिरमौर बताया। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो उसके भीतर पॉलीथीन के लिफाफों में 9.346 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशे की खेप कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

