home page

चित्तौड़गढ़ में कार से 156.650 किलो डोडा चूरा जब्त, तस्कर फरार

 | 
चित्तौड़गढ़ में कार से 156.650 किलो डोडा चूरा जब्त, तस्कर फरार


चित्तौड़गढ़, 23 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन क्षेत्र में कार्रवाई कर कार से 156.650 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान कार सवार तस्कर मौके से फरार हो गया। सीबीएन ने कार और मादक पदार्थ को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीबीएन को सूचना मिली थी कि गुजरात नंबर की होंडा अमेज कार में मंगलवाड़ क्षेत्र से डोडा चूरा लेकर बालोतरा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सीबीएन की कोटा यूनिट के अधिकारियों की टीम ने संभावित मार्गों पर निगरानी शुरू की।

कपासन तहसील के टाना गांव के पास संदिग्ध कार दिखाई देने पर अधिकारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा। सीबीएन टीम ने करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद भिंडर-रामगढ़ रोड पर कार को रुकवा लिया।

सीबीएन के अनुसार, कार रुकते ही उसमें सवार व्यक्ति खेतों की ओर भाग गया। सुरक्षा कारणों से मौके पर वाहन की विस्तृत तलाशी नहीं ली जा सकी, जिसके बाद कार को चित्तौड़गढ़ स्थित सीबीएन कार्यालय लाया गया। कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर कार में नौ बैग मिले, जिनमें कुल 156.650 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ।

सीबीएन ने डोडा चूरा और वाहन को जब्त कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही वाहन के मालिक और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव