home page

मोटरसाइकिल सवार दो युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार

 | 
मोटरसाइकिल सवार दो युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार


नाहन, 01 मई (हि.स.)। सिरमौर जिला में नशे के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस ने दो युवकों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 30 अप्रैल को नाहन की डिटेक्शन सेल की टीम ने गश्त के दौरान की।

पुलिस के अनुसार टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलन और मंडी के रहने वाले दो युवक मोटरसाइकिल पर चिट्टा (हेरोइन) लेकर चंडीगढ़ से सराहां की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने उज्जल माजरी बैरियर के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका।

मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे। पूछताछ में उनकी पहचान शुभम शर्मा (30) निवासी कंडाघाट, जिला सोलन और रजत मिश्रा (27) निवासी जोगिंदरनगर, जिला मंडी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से 20.14 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ काला आम्ब थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे नशे की यह खेप कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे।

पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर