home page

हेलमेट के अंदर छुपाकर ले जा रहा था चिट्टा, गिरफ्तार

 | 
हेलमेट के अंदर छुपाकर ले जा रहा था चिट्टा, गिरफ्तार


नाहन, 25 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को चिट्टा (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम को जिला सिरमौर की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर की।

पुलिस के अनुसार टीम रेन्बेकशी चौक के पास मौजूद थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि सहारनपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला मुर्तजा उर्फ फरमान नाम का व्यक्ति इलाके में काफी समय से चिट्टा बेचने का काम कर रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि वह उस समय अपनी मोटरसाइकिल में चिट्टा लेकर केदारपुर स्थित एक स्कूल के पीछे निर्माणाधीन मकान के पास खेत में खड़ा है और नशा बेचने की कोशिश कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में पकड़े हेलमेट की जांच की गई, जिसमें फोम के अंदर छुपाकर रखी गई 11.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर हिरासत में लेने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह यह नशा कहां से लेकर आया था और किन लोगों को सप्लाई करने वाला था, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे नशा तस्करों के बारे में जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर