सागर: जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, 5 दिन से था लापता, केसली थाने में दर्ज थी गुमशुदगी
सागर, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र से शनिवार काे एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ ग्राम चिरई के घने जंगल में करीब 35 वर्षीय एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। शव करीब 4 से 5 दिन पुराना होने के कारण अत्यधिक सड़-गल चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के असली कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को चिरई गांव का एक ग्रामीण मवेशी चराने जंगल की तरफ गया था। इसी दौरान उसने पेड़ पर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटकते हुए देखा। घबराए ग्रामीण ने तुरंत इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों और गौरझामर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि शव कई दिन धूप और हवा में रहने के कारण काफी हद तक विकृत (सड़-गल) हो चुका था। चेहरा और शरीर खराब हो जाने की वजह से शुरुआती जांच में मृतक की शिनाख्त करना नामुमकिन लग रहा था। इसके बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाई और मामले को सुलझाने के लिए जिले के सभी थानों में पिछले एक हफ्ते के भीतर दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालनी शुरू की।
रिकॉर्ड खंगालने के दौरान पुलिस को पड़ोसी केसली थाना क्षेत्र के ग्राम रामखेरी से एक युवक के लापता होने की जानकारी मिली। केसली थाने में राकेश लोधी नामक युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी। हुलिए और कपड़ों के मिलान के आधार पर गौरझामर पुलिस ने तुरंत राकेश के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें शिनाख्त के लिए मौके पर बुलाया। जंगल पहुंचे परिजनों ने मृतक के कपड़ों और अन्य शारीरिक पहचान के आधार पर उसकी पहचान राकेश लोधी (उम्र 35 वर्ष) पुत्र बलराम लोधी, निवासी रामखेरी (केसली) के रूप में की।
गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। युवक रामखेरी (केसली) से गौरझामर के चिरई जंगल तक कैसे पहुंचा और उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, या फिर इसके पीछे कोई साजिश है? इन सभी पहलुओं पर पुलिस गहराई से तफ्तीश कर रही है। पुलिस परिजनों और मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

