जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बच्चा चोर गिरफ्तार, मासूम सकुशल बरामद
कानपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर बच्चा चोर को गिरफ्तार किया है। स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर एक महिला अपने मासूम के साथ सो रही थी। तभी आरोपित ने मौके का फायदा उठाकर बच्चा चुरा लिया। बच्चा गायब होने पर महिला ने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाते हुए सर्विलांस की सहायता से महज आठ घंटे के अंदर ही दो वर्ष के मासूम को सकुशल बरामद करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ जीआरपी डीके सिंह ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि चंद पांडे नाम की महिला अपने दो बच्चों के साथ फुट ओवर ब्रिज पर सो रही थी जब उसकी आंख खुली तो 2 वर्षीय बेटी गायब थी जिसके बाद महिला रोती हुई जीआरपी थाने पहुंचकर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पांच टीमों का गठन कर आरपीएफ की सहायता से स्टेशन परिसर में लगे करीब 100 से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल तो उन्हें एक संदिग्ध दिखाई दिया जो अपने हाथों में बच्ची को गोद में लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा था।
इन्हीं कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपित युवक को कानपुर सेंट्रल के नजदीक हैरिशगंज के पास से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान शातिर की पहचान राजू धीमर निवासी जालौन के रूप में हुई। उसने बताया कि विभिन्न जनपदों में भीख मांग कर जीवन यापन करता है। इस बालिका को रेलवे स्टेशन कानपुर सेन्ट्रल से इसके माता तथा छोटे भाई के साथ सोते समय मौका देखकर अपहरण कर लिया तथा भागने की फिराक में छुपकर दिल्ली की तरफ जाने वाली ट्रेन का हैरिसगंज आउटर पर इंतज़ार कर रहा था। इस क्षेत्र से अन्यत्र कहीं और ले जाकर भिच्छावृत्ति कराने के लिए अबोध बालिका का अपहरण किया था।
आगे उन्होंने बताया कि जालौन पुलिस से संपर्क कर आरोपित का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। आरोपित को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

