इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण से जुड़ी सामग्री बेचने वाले तीन गिरफ्तार
कानपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम के माध्यम से बाल यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री अपलोड कर उसकी बिक्री करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले करीब दो वर्षों से टेलीग्राम से ऐसी सामग्री प्राप्त कर इंस्टाग्राम पर साझा कर रहे थे। वीडियो की झलक दिखाने के बाद पूरी वीडियो उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन रुपये वसूले जाते थे। जांच में पता चला कि आरोपित 100 से अधिक वीडियो अपलोड कर चुके थे।
अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शिवा सिंह ने गुरुवार को बताया कि गूगल तथा बच्चों के यौन शोषण की रोकथाम के लिए कार्यरत संस्था की ओर से राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल पर सूचना दी गई थी। शिकायत में एक इंस्टाग्राम खाते से बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री साझा किए जाने की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलने के बाद साइबर क्राइम टीम ने मोबाइल नंबर और मोबाइल उपकरण की पहचान संख्या के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर चकेरी थाना क्षेत्र की नई बस्ती गढ़ियाना निवासी मोहम्मद उवेश के नाम पर मिला। पूछताछ में उसने बताया कि उसने करीब दो वर्ष पहले अपने नाम से लिया गया सिम कार्ड अपने मित्र सैय्यद शारान को दे दिया था। इसके बाद पुलिस ने शारान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी आकिब खान के साथ मिलकर इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने और उसकी बिक्री करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, आरोपित पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो का छोटा हिस्सा साझा करते थे। इसके बाद पूरी वीडियो उपलब्ध कराने के नाम पर इच्छुक लोगों से 500 से 2000 रुपये तक ऑनलाइन भुगतान लेते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वे टेलीग्राम से सामग्री प्राप्त कर उसे अलग-अलग इंस्टाग्राम खातों पर अपलोड करते थे।
अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान जिन मोबाइल उपकरणों की पहचान संख्या सामने आई थी, वे आकिब खान और सैय्यद शारान के कब्जे से बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लेकर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। तीनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

