बच्चा चोरों के बड़े गिरोह का पर्दाफ़ाश, तीन प्रदेशों के नौ गिरफ्तार
रायबरेली,20मई(हि.स.)। बच्चा चोरों के बड़े गिरोह का बुधवार को पुलिस ने पर्दाफ़ाश करते हुए नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपित उत्तर प्रदेश, बिहार व उत्तराखंड के रहनेवाले हैं। जिसमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। गिरोह के सदस्यों के पास से चोरी किया गया एक नौ माह का बच्चा भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि रायबरेली जिले में बच्चा चोर गिरोह सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार, सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह, त्रिपुला चौकी प्रभारी अंकुर दुबे की टीम ने सुबह रेलवे स्टेशन के पास से बच्चा चोर गिरोह के नौ सदस्यों को पकड़ा है, इसमें बिहार प्रांत के अररिया जिले के जोगबनी थाना क्षेत्र के मीरगंज निवासी रामकुमार दास, उसकी पत्नी रेशमा देवी, उत्तराखंड प्रांत के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर निवासी किरणजीत उर्फ सरदार आंटी, उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टाडा थाना क्षेत्र के महमदपुर निवासी सुमित कुमार, मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के सुरजन नगर निवासी संजय कुमार, सूर्यनगर निवासी ब्रम्हापाल सिंह, कटघर थाना क्षेत्र के मछरिया गांव की अर्चना, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेलवे हरथला कॉलोनी निवासी बबीता, अमरोहा जिले के धकिया बुराबली हसनपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के पास से नौ माह का मासूम भी बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के अनुसार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बदोगढ़ थाना क्षेत्र के बाबाखेड़ा की रहने वाली सुहागवती 13 मई को त्रिवेणी एक्सप्रेस से दो साल और नौ माह के बेटे के साथ मायके सिंगरौली (मध्य प्रदेश) जा रही थी। रायबरेली रेलवे स्टेशन पर गिरोह के सदस्य सुहागवती और उनके बच्चों को एक भोजनालय ले गए। इसी दौरान सुहागवती के नौ माह का बच्चे को चोरी करके भाग गए। सुहागवती की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की गई और पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ। आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त एक कार कब्जे में लिया गया है, जांच में पता चला है कि गिरोह के सदस्य एक बच्चे को ढाई से तीन लाख रुपये में बेच देते थे।
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपितों का एक संगठित गिरोह है। यह लोग अस्पतालों, गांवों और कस्बों में कार्य करने वाली आशा बहुओं तथा अन्य व्यक्तियों के माध्यम से ऐसी जानकारी प्राप्त करते थे, जिन्हें संतान की आवश्यकता होती थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि बच्चा चोरी करने वाला यह गिरोह, बिहार, उत्तराखंड और यूपी में लगभग सात-आठ माह से सक्रिय था। गिरोह के सदस्यों की ओर से अब तक सात बच्चों के चुराने की बात सामने आई है। इसमें एक बच्चा बरामद हुआ है। शेष छह बच्चे चोरी करके कहां बेचे गए, इस बारे में पुलिस जानकारी कर रही है। एसपी ने गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम दिए जाने की घोषणा की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

