राजगढ़ः कुएं में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत
राजगढ़, 12 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम शिवनाथपुरा में एक दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय बालक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम शिवनाथपुरा निवासी 11 वर्षीय अभिनंदन सिंह पुत्र लखनसिंह सौंधिया शनिवार दोपहर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। भोजन के बाद वह खेलने के लिए बाहर निकल गया, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान गांव के बाहर प्रेमसिंह के खेत के पास स्थित एक कच्चे कुएं के पास बालक की चप्पल मिली। आशंका होने पर ग्रामीणों ने तुरंत मोटर की मदद से कुएं का पानी निकालना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

