अंधविश्वास की इंतहा! इलाज के नाम पर मासूम को गर्म सरियों से दागा : दर्द सहन नहीं हुआ घर से भागा
जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के इस दौर में जहां बेहतर उपचार के लिए एम्स जैसे विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान उपलब्ध हैं, वहीं आज भी अंधविश्वास, अशिक्षा और जागरूकता के अभाव में मासूम बच्चों को अमानवीय यातनाओं से गुजरना पड़ रहा है। इलाज के नाम पर गर्म लोहे की सरियों से बच्चों को दागने की ऐसी ही एक हृदयविदारक घटना जिले में सामने आई है।
जोधपुर जिले के पश्चिम थाना क्षेत्र बोरानाडा से संबंधित इस प्रकरण में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को एक बालक रेलवे स्टेशन पर अकेला मिला। पूछताछ के दौरान बालक की स्थिति और व्यवहार संदिग्ध एवं असहज प्रतीत होने पर आरपीएफ ने नियमानुसार उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।
बालक बेहद डरा-सहमा और बीमार अवस्था में था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण समिति ने तत्काल बालक को संरक्षण में लेकर किशोर गृह में प्रवेशित करवाया तथा बेहतर चिकित्सा उपचार और मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग के निर्देश दिए।
बालक की काउंसलिंग के दौरान जो तथ्य सामने आए, वे बेहद पीड़ादायक थे। बालक ने बताया कि इलाज के नाम पर उसके संरक्षक द्वारा उसे एक भोपा के पास ले जाया गया, जहां गर्म लोहे की सरियों से उसके शरीर पर डाम दिए गए। इस अमानवीय प्रक्रिया के दौरान बालक को असहनीय शारीरिक पीड़ा से गुजरना पड़ा। लगातार प्रताडऩा और दर्द से परेशान होकर बालक घर से पलायन कर गया और रेलवे स्टेशन पहुंच गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विक्रम चेतन सरगरा ने तत्काल संज्ञान लिया। समिति द्वारा संबंधित थाने को प्रकरण में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। बालक का विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार एवं काउंसलिंग जारी है। वर्तमान में बालक की स्थिति में पहले की तुलना में काफी सुधार हुआ है।
समिति के अध्यक्ष विक्रम चेतन सरगरा ने कहा कि बच्चों के साथ इस प्रकार की अमानवीय घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। अंधविश्वास के नाम पर बच्चों को शारीरिक पीड़ा देना उनके अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। बच्चों के उपचार के लिए हमेशा वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय पद्धति अपनाई जानी चाहिए। समाज में जागरूकता की आवश्यकता है, ताकि कोई भी बच्चा ऐसी प्रताडऩा का शिकार न हो।
प्रकरण में बाल कल्याण समिति के सदस्य बबीता शर्मा, गंगाराम देवासी एवं अनिल मरवन तथा किशोर गृह के अधीक्षक भजनलाल विश्नोई एवं सोहनराम विश्नोई का विशेष योगदान रहा। घटनाक्रम को लेकर बोरानाडा थाने में अज्ञात भोपे के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। मामला पाल गांव का है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

