home page

जांजगीर-चांपा में मुर्गियां और सीसीटीवी कैमरा चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, घर से बरामद हुआ बुलेट कैमरा

 | 
जांजगीर-चांपा में मुर्गियां और सीसीटीवी कैमरा चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, घर से बरामद हुआ बुलेट कैमरा


जांजगीर-चांपा, 21 नवंबर (हि. स.)। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में मुर्गियां और सीसीटीवी कैमरा चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी किया गया बुलेट सीसीटीवी कैमरा बरामद कर जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।

मामले के अनुसार, नवागढ़ निवासी इलियास खान (24 वर्ष) ने 18 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 नवंबर की रात करीब 12:40 बजे अज्ञात चोर ने उसके देशी फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर 8 से 10 मुर्गियां और बाहर लगा एक सीसीटीवी कैमरा चोरी कर लिया है। चोरी की घटना फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।

प्रार्थी की शिकायत पर नवागढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) और 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने नवागढ़ डीहपारा निवासी थानेदार सारथी (47 वर्ष) को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए दो मुर्गों को खा लिया है और उनके पंख आदि तालाब में फेंक दिए हैं, जबकि चोरी किया गया बुलेट कैमरा अपने घर में छिपाकर रखा है। आरोपित के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके घर से एक बुलेट सीसीटीवी कैमरा बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त किया।

पुलिस ने आरोपित थानेदार सारथी को 21 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय नवागढ़ के समक्ष पेश किया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT