home page

हज यात्रियों को छोड़कर लौट रही कार पेड़ से टकराई, 3 की मौत, 3 गंभीर घायल

 | 
हज यात्रियों को छोड़कर लौट रही कार पेड़ से टकराई, 3 की मौत, 3 गंभीर घायल


छिंदवाड़ा, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नागपुर में हज यात्रियों को छोड़कर लौट रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं वाहन चालक और एक अन्य व्यक्ति ने छिंदवाड़ा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कार में सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छिंदवाड़ा शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

सिविल सर्जन डॉ. सुशील दुबे ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था। इनमें दो लोग मृत अवस्था में थे, जबकि अन्य घायलों को रेफर किया गया।

हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने या वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan