छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग पर भीषण हादसा, कार में जिंदा जले पिता-पुत्र
छिंदवाड़ा, 02 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसा छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग पर तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 61 वर्षीय अमृत सिंह राजपूत अपने लगभग 24 वर्षीय पुत्र अरुण सिंह राजपूत के साथ उत्तर प्रदेश से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आने से सीएनजी कार अनियंत्रित हो गई। बेकाबू वाहन पहले सड़क किनारे लगे खंभे से टकराया और फिर एक गैरेज के सामने खड़ी बोलेरो से जा भिड़ा।
टक्कर के बाद कार में आग लग गई और कुछ ही पलों में वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कार सवार दोनों लोगों को बाहर निकलने का अवसर नहीं मिल सका। हादसे में गैरेज परिसर में खड़े दो अन्य वाहन भी जलकर नष्ट हो गए।
सूचना मिलते ही कुंडीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि मृतकों के अवशेष पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्युरी भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan

