home page

छिंदवाड़ा में 77 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, बिहार से दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
छिंदवाड़ा में 77 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, बिहार से दो आरोपित गिरफ्तार


छिंदवाड़ा, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की कुंडीपुरा थाना पुलिस ने रॉयल एनफील्ड की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर एक व्यापारी से करीब 77.25 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपितों को बिहार से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित व्यापारी संजय कुमार अग्रवाल से जनवरी 2025 में फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के माध्यम से 77 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत के आधार पर कुंडीपुरा थाने में प्रकरण दर्ज कर साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए। जांच के दौरान पहले एक आरोपित प्रेम कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अन्य आरोपित फरार चल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन में गठित टीम ने बिहार में लगातार आठ दिनों तक गुप्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए एसी और गीजर मैकेनिक के रूप में क्षेत्र में रहकर आरोपितों की गतिविधियों पर नजर रखी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उदय कुमार और रणजीत उर्फ अखिलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ जारी है। साथ ही ठगी की राशि से अर्जित संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत, साइबर सेल तथा थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan