प्रेम विवाह के 6 माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप; पति हिरासत में
सुपौल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह के महज छह महीने बाद 18 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना लक्ष्मीपुर खूंटी वार्ड नंबर-2 की है। जानकारी के अनुसार, करीब छह महीने पहले दुर्गा पूजा के दौरान रामचंद्र मंडल की 18 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी का गांव के ही स्वर्गीय दिनेश मंडल के पुत्र नीतीश मंडल से प्रेम संबंध हुआ था। प्रेम प्रसंग परवान चढ़ा और दोनों ने घर से भागकर विवाह कर लिया।
शादी के बाद प्रीति अपने पति के घर में रह रही थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय के साथ रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा।
मृतका के पिता रामचंद्र मंडल का आरोप है कि शादी के दो-तीन महीने बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में बुलेट बाइक और नगद रुपये की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर प्रीति के साथ मारपीट की जाती थी।
परिजनों का कहना है कि घटना से एक दिन पूर्व भी पति-पत्नी के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें ससुराल के अन्य सदस्य भी शामिल थे। इसके बाद संदिग्ध परिस्थिति में प्रीति की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। आरोपी पति नीतीश मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रेम विवाह के बाद दहेज की मांग और फिर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस मामले की सच्चाई सामने लाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

