दो लाख के चेक बाउंस मामले में फरार वारंटी गिरफ्तार
शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। जिला शिमला के कोटखाई थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करते हुए चेक बाउंस के एक मामले में वांछित फरार वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी), जुब्बल की अदालत से जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील के दौरान की गई।
गिरफ्तार किए गए वारंटी की पहचान जगदीश कुमार निवासी कोटखाई के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ एचपी स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक की ओर से दायर चेक बाउंस का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। यह मामला परक्राम्य लिखत अधिनियम (नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) की धारा 138 के तहत दर्ज है।
पुलिस के अनुसार जगदीश कुमार ने बैंक से करीब दो लाख रुपये का ऋण लिया था, लेकिन निर्धारित किस्तों का भुगतान नहीं किया। मामले की सुनवाई के दौरान वह अदालत में भी पेश नहीं हुआ। इसके बाद न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, जुब्बल की अदालत ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। इन्हीं वारंटों के आधार पर कोटखाई थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि वारंटी को नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

