home page

केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड : एक और फायर फाइटर का निधन

 | 
केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड : एक और फायर फाइटर का निधन


सोमवार की सुबह फायर फाइटर सुरेंद्र की मौत, 12 का उपचार जारी

जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। बासनी औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक कॉलोनी स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम को हुई आगजनी की घटना में एक और फायर फाइटर नागौर के खिंवसर निवासी सुरेद्र का निधन हो गया। दो दिन पहले प्रीतेश प्रजापत का निधन हुआ था। उसका रविवार को राजकीय सम्मान से दाह संस्कार किया गया था। घटना में 14 लोग झुलसे थे। जिनमें दो की मौत हो गई है। 6 लोगों का राजधानी जयपुर में उपचार चल रहा है। वहीं जोधपुर में भर्ती एक और की हालत गंभीर बनी है।

थानाधिकारी नितिन दवे ने बताया कि फायरमैन सुरेंद्र की सोमवार की सुबह मौत हो गई। बता दें कि झुलसे 6 फायर फाइटर्स को गुरूवार को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जयपुर भेजा गया था। फैक्ट्री में आग के दौरान केमिकल से भरे ड्रमों में ब्लास्ट से फायर ब्रिगेड के 14 कर्मचारी झुलस गए थे। इनमें से 6 फायर फाइटर्स को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस से महात्मा गांधी हॉस्पिटल से जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया है। एंबुलेंस में हर मरीज के साथ एक-एक डॉक्टर और एक-एक नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। इधर फैक्ट्री मालिक के पुत्र को बासनी पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस संबंध में मानव जीवन संकट में डालने का केस दर्ज किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश