नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख से अधिक की ठगी, आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र में नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख 2 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान आशीष पिता रामदिल, निवासी ग्राम सरस्वतीपुर, चौकी रनहत, थाना चलगली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस ने आज शनिवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, प्रार्थी रामऔतार ने 10 सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके रिश्ते का भांजा आशीष उसके घर से कुछ दस्तावेज यह कहकर ले गया था कि वह ऑनलाइन नौकरी की प्रक्रिया पूरी करा देगा। इसके बाद उसने अलग-अलग माध्यमों से रुपये लिए। प्रार्थी के अनुसार, आरोपित को नकद और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से कुल 2 लाख 2 हजार रुपये दिए गए।
शिकायत के मुताबिक, रुपये लेने के बाद आरोपित ने प्रार्थी के व्हाट्सएप नंबर पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी भेजा। बाद में उसने नोडल अधिकारी के नाम पर भी रुपये लिए तथा पासबुक और पैन कार्ड की जानकारी व्हाट्सएप पर भेजने को कहा। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो प्रार्थी ने रुपये वापस मांगे। आरोपित कथित तौर पर आज-कल में पैसा लौटाने की बात कहता रहा और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपित आशीष ने 19 सितंबर को मोबाइल पुलिस के समक्ष पेश किया, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे आज शनिवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

