home page

एक ही जमीन का दो बार सौदा, लाखों की धोखाधड़ी का आरोपित जेल दाखिल

 | 
एक ही जमीन का दो बार सौदा, लाखों की धोखाधड़ी का आरोपित जेल दाखिल


जांजगीर-चांपा, 04 अगस्त (हि. स.)। जिले के चांपा थाना पुलिस ने पहले से बेची जा चुकी जमीन को दोबारा बेचकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोप‍ित को गिरफ्तार किया है। आरोप‍ित ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के सहारे एक ही जमीन का दोबारा सौदा कर रजिस्ट्री करा दी थी। पुलिस ने आरोप‍ित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336, 338 एवं 340(2) के तहत अपराध दर्ज कर आज मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोप‍ित की पहचान रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ (58 वर्ष), निवासी जगदल्ला चांपा के रूप में हुई है। मामले की शिकायत कोटाडबरी निवासी गौकरण पटेल ने 4 जून 2026 को थाना चांपा में दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि, रामगोपाल यादव ने अपनी नाम दर्ज भूमि को बेचने का सौदा उसके साथ 6 लाख 350 रुपये में किया था। इसके लिए तहसील कार्यालय चांपा में 100 रुपये के स्टाम्प पर इकरारनामा तैयार किया गया था।

सौदे के दौरान आरोप‍ित को 50 हजार रुपये नगद अग्रिम राशि दी गई, जबकि बाद में 5 लाख रुपये चेक के माध्यम से आरोप‍ित और उसके पुत्र को भुगतान किए गए। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता की पत्नी के नाम कराई गई।

नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि जिस जमीन को आरोप‍ित ने दोबारा बेचा था, उसे वह वर्ष 1996 में ही ग्राम कोसमंदा निवासी व्यक्ति को बेच चुका था। उस समय जमीन का नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित रूप से दस्तावेजों में हेरफेर कर जमीन से संबंधित दूसरी प्रति हासिल की और उसी भूमि की दोबारा बिक्री कर दी।

शिकायत मिलने के बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 286/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य जांच के आधार पर आरोप‍ित द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन का दोबारा विक्रय करना प्रमाणित पाया।

पुलिस ने मामले में संबंधित दस्तावेज और किसान पुस्तिका सहित अन्य साक्ष्यों को जब्त किया। इसके बाद आरोप‍ित रामगोपाल यादव उर्फ ननकीदाऊ को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT