डिजिटल अरेस्ट कर मुंबई के बुजुर्ग दंपती से 5 लाख रुपये ठगने वाले दो आरोपित दिल्ली से गिरफ्तार
जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मुंबई निवासी एक बुजुर्ग दंपती से पांच लाख रुपये की ठगी करने के मामले में दो आरोपिताें को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान शोभित मिश्रा (28) और मनीष सेठी (49) के रूप में हुई है। दोनों आरोपित फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस उनसे ठगी की रकम बरामद करने और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि मुंबई निवासी जयंत नारायण साहा (68) ने 22 सितंबर 2026 को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी पत्नी के इलाज तथा जोड़ों के दर्द के उपचार के सिलसिले में मुंबई से जयपुर आए हुए थे और यहां एक होटल में ठहरे थे और 10 सितंबर 2026 को होटल में ठहरने के दौरान उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबरों से वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए परिवादी को आतंकवाद, मनी लॉन्ड्रिंग और हथियार उपलब्ध कराने जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी। आरोपिताें ने गिरफ्तारी और मारपीट का भय दिखाकर उन्हें मानसिक रूप से डराया तथा बताए गए बैंक खाते में पांच लाख रुपये जमा करवा लिए। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। साथ ही जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मामले की जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों, संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और कैफ आईडी का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें दिल्ली से डिटेन किया गया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया।
जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र के अनुसार आरोपित डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए अज्ञात मोबाइल नंबरों से बुजुर्ग महिला और पुरुषों को वीडियो कॉल करते थे। कॉल के दौरान एक आरोपित पुलिस की वर्दी में दिखाई देता था और पीड़ितों को मनी लॉन्ड्रिंग तथा आतंकी गतिविधियों से जुड़े मामलों में फंसाने का डर दिखाता था।
इसके बाद दूसरे आरोपी को फोन पर बात कराई जाती थी, जो पीड़ितों को गिरफ्तारी, पंखे से लटकाकर मारपीट करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। इस तरह लगातार दबाव बनाकर पीड़ितों को भयभीत किया जाता था।
आरोपित इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से बैंक खातों और फर्जी फर्मों से संबंधित विवरण भेजते थे तथा तत्काल रकम ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाते थे। पीड़ित से राशि जमा करवाने और उसकी रसीद प्राप्त करने के बाद आरोपित अपने मोबाइल फोन बंद कर लेते थे, जिससे उनसे संपर्क नहीं हो पाता था।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित वर्तमान में पुलिस रिमांड पर हैं। उनसे ठगी गई पांच लाख रुपये की राशि की बरामदगी के लिए पूछताछ की जा रही है। साथ ही बैंक खातों, फर्जी फर्मों और वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों के संबंध में तस्दीक कर जांच पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

