home page

मूक युवक को शादी का झांसा देकर एक लाख की ठगी, 'लुटेरी दुल्हन' अगले दिन फरार

 | 
मूक युवक को शादी का झांसा देकर एक लाख की ठगी, 'लुटेरी दुल्हन' अगले दिन फरार


लखीमपुर खीरी, 07 मई (हि.स.)। तिकुनियाँ कोतवाली क्षेत्र के गाँव खमरिया कोइलार में बोलने में असमर्थ (मूक) युवक को शादी का झांसा देकर उससे और उसके परिवार से एक लाख रुपये ठग लिए गए। हद तो तब हो गई जब कथित तौर पर ब्याह कर लाई गई दुल्हन शादी के अगले ही दिन घर से जेवर और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गई। गुरुवार को पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है।

गाँव खमरिया निवासी किरपाली पुत्र छोटे लाल ने तिकुनियाँ कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनका छोटा बेटा रोहित बचपन से ही बोलने में असमर्थ है। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए गाँव के ही जमाल खां और खसरू हज्जाम ने एक सोची-समझी साजिश रची। पिछले महीने इन दोनों ने किरपाली से सम्पर्क किया और रोहित की शादी कराने का प्रस्ताव रखा। इस काम के बदले उन्होंने एक लाख रुपये की मांग की। बेटे के घर बसने की आस में किरपाली तैयार हो गया।

योजना के मुताबिक, बीते पाँच अप्रैल को जमाल और खसरू एक अज्ञात अजनबी लड़की को लेकर गाँव आए। आनन-फानन में रोहित और उस लड़की की जयमाल डलवाकर शादी की रस्में पूरी कराई गईं। शादी सम्पन्न होते ही बिचौलियों ने तय रकम एक लाख रुपये किरपाली से ले लिए।

--सुबह होते ही दुल्हन गायब

शादी की खुशियाँ अभी परिवार मना ही रहा था कि अगली सुबह होते ही दुल्हन अचानक घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद वह गाँव के बाहर ताल के पास मिली, जहाँ से उसे वापस लाया गया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित किरपाली ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही और अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है।

इस सम्बंध में कोतवाली प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर जाँच की जा रही है। इस प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव