home page

नौकरी का झांसा देकर 35 हजार रुपये हड़पने का आरोप

 | 
नौकरी का झांसा देकर 35 हजार रुपये हड़पने का आरोप


हमीरपुर 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे युवक ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर 35 हजार रुपये हड़पने और तीन दिन तक बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। बुधवार को पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

महोबा जनपद के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के अंडवारा गांव निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि 9 जुलाई को राठ कोतवाली क्षेत्र के गौहानी गांव के निवासी एक व्यक्ति ने वाराणसी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 35 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उसे वाराणसी ले गया, जहां कथित रूप से तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि किसी तरह वह उसके चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंचा। इसके बाद जब वह अपने रुपये वापस लेने के लिए युवक के घर गया तो उसने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।

कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा