सोशल मीडिया पर सस्ते हवाई टिकट का विज्ञापन देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ केस दर्ज
जोधपुर, 19 नवम्बर (हि.स.)। सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में हवाई यात्रा के टिकट उपलब्ध करवाने का विज्ञापन देकर लोगों के साथ कथित रूप से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ जोधपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले में तीन व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस उपायुक्त कार्यालय, जोधपुर पूर्व को एक गोपनीय परिवाद प्राप्त हुआ था। परिवाद में आरोप लगाया गया कि हरीश पुत्र दिनेश कुमार सोनी निवासी हस्तीनगर, माता का थान जोधपुर, दिलीप कुमार सोनी पुत्र बालकिशन सोनी निवासी शिवनगर, मसानिया गेट महामंदिर जोधपुर तथा रजनीकांत खत्री उर्फ राजा पुत्र दिनेश कुमार खत्री निवासी गांधी कॉलोनी, सुभाष मार्ग जैसलमेर मिलकर कथित रूप से ठगी का गिरोह संचालित कर रहे हैं।
परिवाद के अनुसार आरोपित अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मेटा विज्ञापनों के माध्यम से डिस्काउंट पर हवाई यात्रा के टिकट बुक करवाने से संबंधित विज्ञापन और सामग्री अपलोड करते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों को टिकट उपलब्ध करवाकर उनका विश्वास जीता जाता और इसके बाद उनसे टिकट की पूरी राशि प्राप्त कर ली जाती थी।
आरोप है कि टिकट की राशि प्राप्त करने के बाद संबंधित टिकटों को दोबारा कैंसिल कर दिया जाता था। इसके बाद अलग-अलग पेमेंट गेटवे, मर्चेंट अथवा अन्य माध्यमों से रकम पुन: अपने बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड में प्राप्त कर ली जाती थी। इस तरह कथित तौर पर टिकट बुकिंग के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जाती थी।
परिवाद में दिए गए मोबाइल नंबरों से संबंधित रिकॉर्ड नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से प्राप्त किया गया। जांच में हरीश सोनी के एक मोबाइल नंबर के खिलाफ महाराष्ट्र के मीरा-भायंदर क्षेत्र के पुलिस थाना वालिव में ऑनलाइन टिकट बुकिंग फ्रॉड की शिकायत दर्ज होना सामने आया। वहीं दूसरे मोबाइल नंबर के खिलाफ उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित महानगर थाने में ऑनलाइन फ्लाइट बुकिंग से संबंधित शिकायत मिली।
इसके अलावा रजनीकांत खत्री उर्फ राजा के मोबाइल नंबर से जुड़े यूनियन बैंक के एक खाते के संबंध में गुजरात के वडोदरा शहर के सयाजीगंज थाने में दर्ज साइबर शिकायत का रिकॉर्ड भी सामने आया। उक्त बैंक खाते को उस शिकायत में द्वितीय लेयर का लाभार्थी बताया गया है।
पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व कार्यालय की ओर से 18 नवंबर को प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस थाना बनाड़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) एवं 112(2) के तहत एफआईआर संख्या 0223/2026 दर्ज की गई।
मामले की जांच उपनिरीक्षक सुरेशचंद मीणा को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपों की जांच, संबंधित बैंक खातों, सोशल मीडिया विज्ञापनों और पेमेंट गेटवे के लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालने की कार्रवाई कर रही है।
यह मामला ऑनलाइन हवाई टिकट बुकिंग के नाम पर होने वाली साइबर धोखाधड़ी के प्रति लोगों को सतर्क रहने का संदेश देता है। यात्रियों को सलाह है कि अनजान सोशल मीडिया अकाउंट या संदिग्ध विज्ञापनों के माध्यम से टिकट बुक करवाने से पहले संबंधित एयरलाइन या अधिकृत ट्रैवल एजेंसी की विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

