home page

शराब के नशे में हंगामा करते सीएचसी के प्रधान लिपिक गिरफ्तार

 | 
शराब के नशे में हंगामा करते सीएचसी के प्रधान लिपिक गिरफ्तार


किशनगंज, 08 जुलाई (हि.स.)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद सरकारी कर्मचारियों द्वारा कानून के उल्लंघन के मामले सामने आते रहे हैं। ताजा मामला किशनगंज सदर थाना क्षेत्र के डुमरिया भट्टा का है, जहां पोठिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रधान लिपिक रवि रोशन पांडेय को शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, रवि रोशन पांडेय डुमरिया भट्टा स्थित एक महिला चिकित्सक के किराए के आवास पर कथित रूप से शराब के नशे में पहुंचे। वहां उन्होंने हंगामा किया, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि समझाने के बावजूद रवि रोशन पांडेय ने सहयोग नहीं किया तथा पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर सदर थाना लाया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का सदर अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ सदर थाना कांड संख्या 749/26 दर्ज किया है।

इस मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के साथ-साथ अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मेडिकल जांच और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों का सत्यापन कर रही है।

घटना के सामने आने के बाद जिले में इसकी व्यापक चर्चा है। लोगों का कहना है कि जब कानून का पालन कराने वाली सरकारी व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी ही शराबबंदी कानून का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, तो कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

स्वास्थ्य विभाग के एक जिम्मेदार कर्मचारी की इस कथित हरकत से विभाग की छवि भी प्रभावित हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह