चंडीगढ़ में टैक्सी चालक का शव मिला, शरीर पर मिले चाकू के निशान
चंडीगढ़, 19 सितंबर (हि.स.)। चंडीगढ़ में सेक्टर-38 के पास शनिवार सुबह सड़क किनारे एक टैक्सी चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहाली के कुराली निवासी विजय कुमार (31) के रूप में हुई है। शव पर चाकू से चोट के निशान मिले हैं, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, विजय कुमार शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। वह किराए पर टैक्सी चलाता था। जिस टैक्सी को वह चला रहा था, वह गांव लोहा निवासी प्रदीप की बताई जा रही है।
विजय शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे खरड़ से टैक्सी लेकर निकला था। इसके बाद वह किन स्थानों पर गया और किन लोगों के संपर्क में रहा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। शुक्रवार देर रात करीब 12:20 बजे उसकी टैक्सी सेक्टर-56 में लावारिस हालत में मिली। वाहन के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पुलिस ने टैक्सी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शनिवार तड़के पुलिस कंट्रोल रूम को सेक्टर-38 के पास सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मलोया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलदेव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच और वीडियोग्राफी कराई गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को सूचना देने के साथ ही टैक्सी मालिक प्रदीप के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
जांच में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि विजय की टैक्सी सेक्टर-56 में कैसे पहुंची, जबकि उसका शव सेक्टर-38 के पास मिला। पुलिस खरड़ से चंडीगढ़ तक के रास्ते और सेक्टर-38 व सेक्टर-56 के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना से पहले टैक्सी में कौन सवार था और विजय को आखिरी बार किसने देखा था। फिलहाल हत्या के कारण और वारदात में शामिल लोगों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

