home page

जांजगीर-चांपा में 10 लाख से अधिक कीमत का 21.1 किलो गांजा जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा में 10 लाख से अधिक कीमत का 21.1 किलो गांजा जब्त, एक आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 05 जुलाई (हि. स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 21.1 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 55 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार 5 जुलाई को थाना चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चांपा के हनुमान चौक स्थित देवांगन पारा में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने एक युवक को कागज की पुड़िया में गांजा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम वीरेन्द्र देवांगन (28 वर्ष) निवासी हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा बताया।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपित के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से खाकी रंग के टेप से पैक चार पैकेट और दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 10 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। थाना चांपा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत धारा 20(बी), एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, रूकसाना बानो, निकिता साहू, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू, आरक्षक ईश्वरी राठौर, प्रकाश द्विवेदी, मुद्रिका दुबे, विरेश सिंह सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT