चेयर मैन के भतीजे ने व्यापारी पर झोंका फायर, बाल-बाल बचा
पुलिस ने चार के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट, आरोपित गिरफ्तार
बांदा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नगर पंचायत ओरन अध्यक्ष के भतीजे ने मामूली विवाद पर बिल्डिग मैटेरियल व्यापारी पर तमंचे से फायर झोंक दिया। जिससे वह बाल-बाल बच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बा निवासी प्रबल मंगलवार की रात करीब साढे ग्यारह बजे अपनी साथी अभिषेक और उत्कर्ष के साथ बिसंडा रोड स्थित सोनी चाय वाले की दुकान पर मैगी खाने गए थे। वहां पर चेयरमैन के पुत्र धीरेन्द्र, पुष्पेंद्र और उनके भतीजे देवेंद्र और नीरज पहले से मौजूद थे। प्रबल को देखते ही चारों लोगों ने उसे गाली गलौज करना शुरू कर दिया। प्रबल ने इसका विरोध करते हुए अपने बड़े भाई बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी कुलदीप शिवहरे को फोन पर सूचना दी। सूचना पाकर कुलदीप मौके पर पहुंच गया। दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। आरोपियों ने उनके साथ मार पीट की। चेयरमैन के भतीजे नीरज उर्फ गोलू ने कुलदीप पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर झोंक दिया। वह बाल-बाल बच गया। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी नीरज उर्फ गोलू पुत्र हरिनारायण द्विवेदी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि धीरेन्द्र, पुष्पेंद्र और देवेंद्र की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। बिसंडा थाना अध्यक्ष सीपी तिवारी ने बुधवार काे बताया की नीरज द्विवेदी उर्फ गोलू के ऊपर जान से मारने की धारा तथा शेष आरोपियों के खिलाफ गाली गलौज व मारपीट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

