चेन स्नैचर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, दो बाइक बरामद
ई-रिक्शा सवार महिला के गले से झपट्टा मारकर लूटा था मंगलसूत्र
बांदा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कोतवाली देहात पुलिस ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। घटना में कुल चार आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने शनिवार को बताया की 19 अक्टूबर को डाडिन पुरवा निवासी उमाशंकर की पुत्री अपने परिवार के सदस्यों के साथ ई-रिक्शा से कालूकुआं चौराहे से घर जा रही थी। इसी दौरान महोखर चौराहे के पास अपाचे मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने झपट्टा मारकर उसके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 22 अक्टूबर को कोतवाली देहात थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 अक्टूबर को बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे मोटरसाइकिल से सुनसान जगहों पर ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं को निशाना बनाते थे और उनके गले से मंगलसूत्र व चेन छीनकर भाग जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश पुत्र कल्लू और विवेक उर्फ अमित पुत्र रामरूप, निवासी मुक्तिधाम क्योटरा, थाना कोतवाली नगर, बांदा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अंशु पुत्र मूलचंद्र और शाहरुख उर्फ दानिश पुत्र रहमान, निवासी मुक्तिधाम क्योटरा, अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

