उज्जैन में चेन स्नेचिंग गैंग पकड़ाई, युवती सहित 6 गिरफ्तार
उज्जैन, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने वाली पश्चिम बंगाल की गैंग को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने दबोचा है। इनके कब्जे से करीब एक लाख 15 हजार रुपये कीमत की सोने की चेन बरामद की गई है।
आरोपियों ने गत 4 माह में उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चेन स्नेचिंग की 6 वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल भैरवगढ़ भेज दिया गया। गिरोह के चार अन्य सदस्य दिलीप मिस्त्री, सोनू, उत्तम और गोपाल निवासी पश्चिम बंगाल अभी फरार हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी सुशील कुमार गुप्ता ने रविवार को बताया कि 23 सितंबर,26 को डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होते समय रीता निवासी भदोही उत्तर प्रदेश की सोने की चेन चोरी होने के बाद जांच शुरू की गई थी। रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस को गिरोह के उज्जैन रेलवे स्टेशन पर सक्रिय होने की जानकारी मिली। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित माल गोदाम के पास से राखी नश्वर 19 वर्ष, राहुल गाजी 22 वर्ष, अभिजीत गायन 20 वर्ष, रोहन रजक 20 वर्ष, सोमनाथ नस्कर 22 वर्ष और नेपाल कूले 31 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए आंकी गई है।
महिलाओं को घेरकर देते थे वारदात को अंजामपूछताछ में आरोपियों ने चेन स्नेचिंग का तरीका भी बताया। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ के बीच महिलाओं को निशाना बनाते थे। ट्रेन में चढऩे और उतरने के दौरान जब धक्का-मुक्की की स्थिति बनती, तब आरोपी महिलाओं को घेर लेते थे। इसके बाद बैग की आड़ लेकर गले से सोने की चेन झपटते और उसी ट्रेन के दूसरे गेट से फरार हो जाते थे। भीड़ के कारण पीडि़त महिलाओं को कई बार वारदात का तत्काल पता भी नहीं चल पाता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / क्षितिज

