home page

छग : अंतर्राज्यीय महिला चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, आठ आरोपित चढ़े पुलिस के हत्थे

 | 
छग : अंतर्राज्यीय महिला चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, आठ आरोपित चढ़े पुलिस के हत्थे


छग : अंतर्राज्यीय महिला चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, आठ आरोपित चढ़े पुलिस के हत्थे


- लग्जरी वाहन में देश भर में घूम-घूम कर देते थे चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम

रायपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह की खास बात यह है कि इसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं, जो देश के अलग-अलग राज्यों में घूम-घूमकर सोने की चेन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने सभी 8 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

शुक्रवार को पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, चेन स्नैचिंग गिरोह लग्जरी वाहन विशेष रूप से इनोवा में सवार होकर विभिन्न शहरों में पहुंचता था और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अपना निशाना बनाता था। बाजार, धार्मिक स्थल और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ का फायदा उठाकर आरोपित लोगों के गले से सोने की चेन झपट लेते थे और मौके से फरार हो जाते थे।

जांच में सामने आया है कि, आरोपितों ने रायपुर शहर में लगातार घूम-घूम कर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को निशाना बनाते हुए उनके गले में पहनी सोने की चैन की चोरी की जा रही थी। रायपुर शहर में ही करीब एक दर्जन से अधिक चेन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। शहर के सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डी.डी.नगर थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ मामले दर्ज हैं।

एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट की 15 सदस्यीय टीम द्वारा आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु ट्रैप पार्टी गठित की गई तथा उनके संबंध में तकनीकी विश्लेषण भी किया गया। ट्रैप पार्टी को सूचना प्राप्त हुई कि संदिग्ध वाहन भाठागांव स्थित बस स्टैण्ड के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम द्वारा वाहन को चिन्हांकित कर घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में संध्या सकटे निवासी इंदौर म.प्र., सोनिया हातागले निवासी इंदौर म.प्र., उज्वाला हातागले निवासी पचोरा महाराष्ट्र, साखरा बाई निवासी इंदौर म.प्र., ज्योति सकटे निवासी इंदौर म.प्र., सरिता ज्वरे निवासी कुंदन नगर इंदौर म.प्र., सपना हातागले निवासी इंदौर म.प्र., अभय हतागले निवासी राजेन्द्र नगर इंदौर म.प्र. का नाम शामिल है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नगदी रकम 10,500 रुपये, 1 नग सोने का चैन, 1 कटर, 4 नग मोबाइल फोन एवं ईनोवा वाहन जब्त किया गया है।जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 11 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही यह भी खुलासा हुआ है कि, चोरी की गई चेन को बेचकर जो रकम हासिल होती थी, उसी से आरोपितों ने इनोवा वाहन खरीदा था, जिसका उपयोग वे अपराध करने के लिए करते थे।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपित आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो सुनियोजित तरीके से इस अपराध को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि, गिरोह के सदस्य गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि, आरोपित मध्य प्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं और अलग-अलग राज्यों में जाकर वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत स्थान बदल लेते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, इस गिरोह के पकड़े जाने से शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर