चेन लूटने वाला आरोपित गिरफ्तार, 6250 रुपये बरामद
कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल बंगला बाजार से घर लौट रही महिला के गले से सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चेन बेचकर मिले हिस्से के 6250 रुपये बरामद हुए हैं। वारदात में शामिल दूसरा साथी अभी फरार है।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि 19 अक्टूबर की शाम लाल बंगला बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रही महिला के साथ चेन लूट की घटना हुई थी। बाइक सवार दो युवकों में से एक ने पीछे से आकर महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले में एन-2 रोड, परदेवनपुर, लाल बंगला निवासी महिला के पति हरि शंकर मिश्र तहरीर पर 20 अक्टूबर को चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना आज एयरोपोर्ट गेट से इलाहाबाद हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जुनेद उर्फ इखलाक निवासी बाबूपुरवा के रूप में हुई। उसने अपने साथी गोलू निवासी शुक्लागंज, उन्नाव के साथ मिलकर चेन लूटने की बात स्वीकार की।
आरोपित ने पुलिस को बताया कि लूटी गई चेन को राहगीर को 45 हजार रुपये में बेच दिया था। बिक्री से मिली रकम में उसका हिस्सा 6250 रुपये बचा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस दूसरे आरोपित की तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

