चैन स्नैचिंग मामले में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले युवक और युवती गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
दुर्ग, 22 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की दुर्ग के सुपेला थाना पुलिस ने मंगलवार काे चैन स्नैचिंग के मामले का खुलासा किया है। इस मामले में बीटेक इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले एक युवक और युवती काे गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेशकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में गीता देवी (62 वर्षीय) सुबह साढ़े 6 बजे घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक-युवती पहुंचे और पीछे बैठे आरोपित ने उनके गले से सोने की चैन झपट ली। इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में गीता देवी को दोबारा निशाना बनाया गया।
लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपिताें की पहचान की। पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपित स्कूटी से सुबह के समय घूमते थे और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। एक युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक मौका मिलते ही चैन झपटकर फरार हो जाता था। पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर सोने की चैन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर आज न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

