home page

बालक हत्याकांड का खुलासा : महिला समेत दो गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद

 | 
बालक हत्याकांड का खुलासा : महिला समेत दो गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद


प्रयागराज, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित धूमनगंज थाने की पुलिस टीम ने सोमवार को बालक हत्या कांड का खुलासा करते हुए एक एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बेल्ट, बैट और चिमटा भी बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में कौशाम्बी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र में स्थित बुद्धपुरी मोहल्ला निवासी सीमा पत्नी मुर्सरत और प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बेगम बाजार बमरौली निवासी अवैदुल हक पुत्र फिरोजुल हक है।

इस संबंध में धूमनगंज थाने में 02 मई को एक बालक की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपितों को धूमनगंज थाना क्षेत्र के नीमसराय मोहल्ले से गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल—बेल्ट, बैट और चिमटा—बरामद कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने 2 मई 2026 को थाना धूमनगंज क्षेत्र में एक बालक की हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सागर, महिला उपनिरीक्षक आकृति पाण्डेय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल