बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर अज्ञात युवक ने किया एसिड अटैक,हालत गंभीर
रायपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार की दोपहर ई -लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय एम ए की छात्रा पर एक अज्ञात युवक ने एसिड से हमला कर दिया। पीड़िता बालोद शहर में ही पदस्थ एक पुलिसकर्मी (ड्राइवर) की बेटी है, जो एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।
बालोद के एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया है कि एसिड से छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। हमले में छात्रा के चेहरे, आंख और शरीर का दाहिना हिस्सा (दोनों हाथ सहित) बुरी तरह झुलस गया है। कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सिंचाई कॉलोनी, आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने मुख्य सड़क पर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। एसिड फेंकने के बाद जब छात्रा बुरी तरह झुलस गई, तब भी उसने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह वहां से दौड़कर भागते हुए अपनी जान बचाई। पुलिस का मानना है कि अगर छात्रा तुरंत वहां से भागकर दूर नहीं होती, तो हमलावर उसे और भी ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता था। पीड़िता को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। सोमवार दोपहर 12:30 को वह लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वारदात को अंजाम देने के बाद घटना के बाद आरोपित युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बालोद एसपी किरण चह्वाण और एएसपी चंद्रकांत गवर्णा पुलिस टीम के साथ खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्राइम सीन को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम सबूत जुटाने में लगी है। आरोपित की धरपकड़ के लिए जिले भर में नाकेबंदी कर अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस पीड़िता के कॉल रिकॉर्ड्स और पारिवारिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है ।
कांग्रेस ने इस मामले को लेकर साय सरकार पर कड़ा हमला बोला है। कांग्रेस ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए गृहमंत्री (उपमुख्यमंत्री) विजय शर्मा से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

