दुर्ग में पिकअप वाहन से चार करोड़ की संदिग्ध नकदी बरामद
रायपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खुर्सीपार पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सफेद पिकअप वाहन से चा करोड़ की भारी-भरकम संदिग्ध नकदी (कैश) बरामद की है।
यह कार्रवाई 25-26 अक्टूबर की रात करीब 11:00 बजे की गई। दुर्ग पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम डबरापारा (खुर्सीपार क्षेत्र) में नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी इस संदिग्ध पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 04 क्यूयू 5996) को रोककर तलाशी ली गई। दुर्ग पुलिस ने आज साेमवार काे बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन में बड़ी रकम ले जाई जा रही है। जब डबरापारा (खुर्सीपार क्षेत्र) में नाकेबंदी कर वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो गाड़ी के पिछले हिस्से को मॉडिफाई करके बनाए गए एक गुप्त चेंबर (सीक्रेट कंपार्टमेंट) से नोटों के बंडल बरामद हुए।
पुलिस ने इस मामले में पिकअप वाहन में सवार दो लोगों भवेशभाई जीनाभाई डाभी (वाहन चालक)तथा विष्णुदेव दुबे को हिरासत में लिया है। दोनों हिरासत में लिए गए आरोपित फिलहाल पुलिस कस्टडी में हैं। वे पुलिस और आईटी विभाग को पैसे की वैधता से जुड़े कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए हैं और पूछताछ में लगातार गोलमोल जवाब दे रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कैश रायपुर से नागपुर (या उत्तर प्रदेश) ले जाया जा रही था। पुलिस को आशंका है कि यह रकम अवैध रूप से हवाला कारोबार के जरिए भेजी जा रही थी।
मामले की गंभीरता और बड़ी रकम को देखते हुए दुर्ग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल) ने आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचित कर दिया है। पुलिस की प्राथमिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आ रही है कि इस संदिग्ध रकम के तार रायपुर के एक बड़े ट्रांसपोर्टर से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस उस दिशा में भी सुराग जुटा रही है। खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि यह पैसा आने वाले समय में पड़ोसी राज्यों (जैसे उत्तर प्रदेश) में होने वाले चुनावों को प्रभावित करने के लिए तो नहीं ले जाया जा रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

