रायगढ़ : लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, दाे आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़ 23 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लैलूंगा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना लैलूंगा क्षेत्र के ग्राम नवीन घाटगांव में अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती किए जाने का मामला सामने आया है।
लैलूंगा पुलिस को आज साेमवार काे सूचना मिली थी कि ग्राम नवीन घाटगांव में लगभग 2 डिसमिल भूमि पर चोरी-छिपे पोस्ता उगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीएम, तहसीलदार एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान खेत में पोस्ता के पौधे पाए गए, जिन्हें तत्काल उखाड़कर जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें साधराम नागवंशी (60 वर्ष), निवासी ग्राम नवीन घाटगांव एवं अभिमन्यु नागवंशी (20 वर्ष), निवासी ग्राम नवीन घाटगांव शामिल है।
पुलिस आरोपितों के विरुद्ध प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों, स्रोत एवं उद्देश्य के संबंध में अग्रिम पूछताछ जारी है। साथ ही, क्षेत्र में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु सतत निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

