home page

डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल

 | 

डोंगरगढ़/रायपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौथना में घर के अंदर घुसकर मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। इस जानलेवा हमले में परिवार की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर कमला सोनकर (मां) और हितेंद्र सोनकर (बेटे) को मौत के घाट उतार दिया। वहीं, बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार रायपुर के डीकेएस अस्पताल में जारी है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के वक्त मृतका कमला सोनकर का पति घर से बाहर था।

प्रारंभिक जानकारी में इस वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर अभी तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी या नाम का खुलासा नहीं किया है। डीएसपी सुमन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस की टीमें लगातार साक्ष्य जुटा रही हैं। हालांकि, प्रारंभिक जांच के आधार पर परिवार के ही एक करीबी रिश्तेदार पर कड़ा संदेह जताया जा रहा है, जिससे पुलिस टीम पूछताछ की तैयारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा