home page

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पूर्व जनपद सदस्य के पति की गला काटकर दिनदहाड़े हत्या

 | 
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पूर्व जनपद सदस्य के पति की गला काटकर दिनदहाड़े हत्या


रायपुर , 10 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तोरवा थाना क्षेत्र में शराब भट्ठी के सामने अज्ञात बदमाशों ने पूर्व जनपद सदस्य गीता साहू के पति बाबला साहू की ऑटो के अंदर ही गला रेतकर गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी है। मृतक बाबला साहू पेशे से ऑटो चालक था ।

पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर आरोपितों की पहचान और तलाश की जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपितों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

तोरबा थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाबला साहू तोरवा शराब भट्ठी के सामने अपने ऑटो में बैठे थे, तभी वहां मौजूद दो अज्ञात युवकों से उनका किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उन युवकों ने धारदार हथियार से बाबला के गले पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक बाबला साहू की पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य हैं और भाजपा कार्यकर्ता बताई जा रही हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर वारदात में दो अज्ञात युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है।तोरवा पुलिस और साइबर सेल की टीमें शराब भट्ठी के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए शहर के बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा