home page

महासमुंद जिले में शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से आठ नाबालिग फरार

 | 
महासमुंद जिले में शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से आठ नाबालिग फरार


रायपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सोमवार, को तड़के करीब साढ़े 3 बजे बरोंड़ा बाजार स्थित शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से 8 नाबालिग खिड़की की ग्रिल तोड़कर और 12 फीट ऊंची सुरक्षा दीवार पर लगे कटीले तार काटकर फरार हो गए। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस गंभीर घटना के बाद पुलिस प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग में हड़कंप मच गया है।

फरार हुए अपचारियों में अवैध शराब के मामले में 3 नाबालिग,चोरी और गांजा तस्करी मामले में 2 -2 नाबालिग तथा अनाचार का एक आरोपित शामिल है । घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

बाल संप्रेक्षण गृह अधीक्षिका अपर्णा श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच और मौके के मुआयने से पता चलता है कि किशोरों ने कमरे की खिड़की की लोहे की ग्रिल (सलाखों) को उखाड़ा और खींचकर फैला दिया, जिसके बाद वे वहां से बाहर निकलने में कामयाब रहे। उन्होंने बताया कि घटना के समय संस्थान में कुल 27 नाबालिग मौजूद थे, जिनमें से 8 फरार हुए हैं। रात की निगरानी के लिए एक चौकीदार (वॉचमैन) और एक 'हाउस फादर' (देखरेख करने वाला कर्मचारी) ड्यूटी पर तैनात थे। सोमवार सुबह जब सुरक्षाकर्मी और स्टाफ कमरे की ओर गए तो उन्हें खिड़की की लोहे की ग्रिल टूटी हुई मिली। परिसर का मुआयना करने पर पता चला कि नाबालिगों ने अत्यंत योजनाबद्ध तरीके से परिसर की 12 फीट ऊंची पक्की दीवार पर लगे लोहे के कटीले तारों को काटा और वहां से कूदकर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि भागने वाले लड़कों में महासमुंद के सरायपाली से दो, पड़ोसी राज्य ओडिशा के कालाहांडी से दो, और महासमुंद शहर, गरियाबंद के फिंगेश्वर, बलौदाबाजार-भाटापारा तथा धमतरी के कुरूद से एक-एक नाबालिग शामिल हैं।भागे हुए 8 नाबालिगों में से 6 छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार, सरायपाली, महासमुंद, फिंगेश्वर और कुरूद क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि 2 नाबालिग पड़ोसी राज्य ओडिशा के कालाहांडी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और महिला व बाल विकास विभाग की टीम ने संप्रेक्षण गृह पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार नाबालिगों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है और बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा