रायपुर : सेंट्रल जोन पुलिस का नाइट ऑपरेशन, अवैध हथियार और नशे में वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
रायपुर, 30 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर में रात्रिकालीन कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सेंट्रल जोन पुलिस ने विशेष रात्रि चेकिंग अभियान चलाया। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर देर रात तक वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बैजनाथपारा में पुलिस जांच के दौरान दो कार चालक पुलिस को देखकर बचने का प्रयास करने लगे। संदेह के आधार पर दोनों को रोककर जांच की गई, जिसमें वे शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों कारों को जब्त कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
वहीं, मौदहापारा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे योगेश नायक, निवासी कॉलिंग नगर, थाना गुढ़ियारी के कब्जे से प्रतिबंधित धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
इसी प्रकार गंज थाना क्षेत्र में नवीन उर्फ बाबू उर्फ छोटू सामल, निवासी रामनगर, थाना गुढ़ियारी के कब्जे से भी धारदार चाकू बरामद हुआ। उसके खिलाफ भी आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि रात्रिकालीन गश्त और विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों, अवैध हथियार रखने वालों तथा नशे की हालत में वाहन चलाकर लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

