home page

ऑपरेशन 'विस्टा 1.0' : दिल्ली में वीजा नियम तोड़ने वाले छह बांग्लादेशी नागरिक दबोचे

 | 
ऑपरेशन 'विस्टा 1.0' : दिल्ली में वीजा नियम तोड़ने वाले छह बांग्लादेशी नागरिक दबोचे


नई दिल्ली, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य जिले की स्पेशल स्टाफ की फॉरेनर सेल ने विदेशी नागरिकों द्वारा वीजा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन 'विस्टा 1.0' (वीजा स्टेटस वेरिफिकेशन) के दौरान छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि सभी भारत में डबल एंट्री वीजा पर आए थे, लेकिन प्रत्येक यात्रा के लिए निर्धारित 15 दिन की अधिकतम अवधि समाप्त होने के बाद भी बिना अनुमति भारत में रह रहे थे। इसके बाद एफआरआरओ के माध्यम से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान शफी इमाम नफीस सिद्दीकी (31), एहिया एहतेशाम (31), आसिफ मोल्ला (21), एमडी बुलबुल हुसैन (20), हसन शेख (24) तथा 21 वर्षीय एक महिला के रूप में हुई है। इनमें दो सिलहट, दो गोपालगंज और दो सिराजगंज (बांग्लादेश) के रहने वाले हैं।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त राेहित राजबीर सिंह ने रविवार काे बताया कि जिले की फॉरेनर सेल ने होटलों, गेस्ट हाउसों और विदेशी नागरिकों के ठहरने वाले अन्य प्रतिष्ठानों का विशेष सत्यापन अभियान चलाया। इसी दौरान नबी करीम स्थित अराकाशन रोड के एक होटल की जांच के दौरान छह बांग्लादेशी नागरिक ठहरे मिले। टीम ने उनके पासपोर्ट, वीजा और इमिग्रेशन रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि सभी के पास भारतीय डबल एंट्री वीजा तो वैध था, लेकिन वीजा की शर्तों के अनुसार प्रत्येक बार भारत में अधिकतम 15 दिन ही ठहरने की अनुमति थी। सभी इस निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रुके हुए थे।

पूछताछ में सभी विदेशी नागरिकों ने स्वीकार किया कि वे वैध वीजा पर भारत आए थे और मध्य जिले के होटल में रह रहे थे। पुलिस ने उनके यात्रा दस्तावेज और इमिग्रेशन रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद वीजा शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि की। इसके बाद सभी को एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी किए गए। फिलहाल सभी छह बांग्लादेशी नागरिकों को सेवा धाम डिटेंशन सेंटर शाहजादा बाग, सराय रोहिल्ला भेज दिया गया है। जहां उन्हें डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी होने तक रखा जाएगा।

वहीं जांच में अब तक किसी भी आरोपित का भारत में कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल वीजा की शर्तों का उल्लंघन कर निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रहने के मामले में की गई है।

पुलिस उपायुक्त का कहना है कि ऑपरेशन 'विस्टा 1.0' आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी