केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने 352 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त पकड़ा, आधा दर्जन तस्कर गिरफ्तार
मथुरा, 07 अप्रैल(हि.स.)। थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के पास केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को 325 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 65 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त कर लिया है।
मंगलवार केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, कोटा (राजस्थान) की टीम को नशे की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने यमुना एक्सप्रेस-वे के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान एक ट्रक और एक एक्सयूवी 700 कार को रोककर जांच की गई। जांच में ट्रक से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि बरामद डोडा पोस्त का वजन करीब 325 किलोग्राम है। मौके से 65 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक नंबर पीबी 11 सीआर 6535 और एक्सयूवी 700 नंबर एचआर 51 एपी 7071 को जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान हरेंद्र सिंह और मंजीत सिंह निवासी पंजाब, जीवन सिंह, मणिपारस, सतपाल सिंह और नवनीत सिंह के रूप में हुई है। सभी से पूछताछ की जा रही है।
प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि आरोपित झारखंड से डोडा पोस्त लेकर पंजाब की ओर जा रहे थे। रास्ते में मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर टीम ने उन्हें पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का नेतृत्व नारकोटिक्स विभाग के सुप्रीटेंडेंट अमर सिंह ने किया। उनके साथ निरीक्षक पूरन मल मीणा, उपनिरीक्षक गजराज सिंह मीणा, एएनटीएफ जयपुर और भरतपुर चौकी की टीम भी शामिल रही। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ जारी है और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

