home page

जनजातीय गौरव दिवस पर सागर केंद्रीय जेल से नौ आजीवन कारावास के बंदियों की समयपूर्व रिहाई: विदाई में दी गई रामायण और मिठाई

 | 
जनजातीय गौरव दिवस पर सागर केंद्रीय जेल से नौ आजीवन कारावास के बंदियों की समयपूर्व रिहाई: विदाई में दी गई रामायण और मिठाई


अच्छे आचरण और शासन की विशेष नीति के तहत मिला अवसर, जेल में सीखे सिलाई, बढ़ईगिरी और निर्माण कार्य के हुनर से संवारेंगे नया जीवन

सागर, 15 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सागर केंद्रीय जेल से नौ आजीवन कारावास के बंदियों की समयपूर्व रिहाई की गई। मध्यप्रदेश शासन की जेल विभाग की विशेष रिहाई नीति और जेल में उनके अच्छे आचरण को आधार बनाकर यह निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर जेल प्रशासन ने रिहा होने वाले सभी बंदियों को सम्मानजनक और पारंपरिक तरीके से विदाई दी। जेल से बाहर आते ही उनका मुंह मीठा कराया गया और उन्हें पवित्र रामायण भेंट की गई। साथ ही जीवन की नई शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भी प्रदान की गई। रिहा हुए बंदियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने के लिए जेल प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए गए थे।

अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में लौटने का संदेश

विदाई के दौरान सागर केंद्रीय जेल के अधीक्षक रमेशचंद्र आर्य ने रिहा हुए बंदियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जेल में रहते हुए बंदियों ने अपने आचरण और व्यवहार में सुधार का परिचय दिया है। अब उनके सामने समाज में सम्मानजनक जीवन जीने और अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने का अवसर है। उन्होंने सभी से अपराध की दुनिया से पूरी तरह दूर रहने, पुराने रास्तों को पीछे छोड़ने और नई शुरुआत करने का आह्वान किया। अधीक्षक ने कहा कि जेल में रहते हुए जिस अनुशासन और अच्छे आचरण का परिचय दिया है, उसे जेल से बाहर भी कायम रखना होगा।

जेल में सीखा हुनर, बाहर आत्मनिर्भरता का बनेगा आधार

बंदियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जेल प्रशासन की ओर से व्यावसायिक प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाती है। इसका उद्देश्य सजा की अवधि पूरी करने अथवा समयपूर्व रिहाई के बाद बंदियों के सामने रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। सागर केंद्रीय जेल से रिहा हुए इन नौ बंदियों ने भी कारावास के दौरान अलग-अलग व्यवसायों का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

इनमें टेलरिंग यानी सिलाई, कारपेंट्री यानी बढ़ईगिरी, लोहारी तथा भवन निर्माण और मिस्त्री का काम शामिल है। इन कौशलों के माध्यम से वे बाहर निकलने के बाद रोजगार हासिल कर सकते हैं अथवा अपना काम शुरू कर सकते हैं। जेल प्रशासन की इस पहल के पीछे सोच है कि बंदियों को आजीविका का साधन मिले, वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें।

खुले समाज में नई शुरुआत की उम्मीद

उल्लेखनीय है, जेल से रिहाई किसी व्यक्ति के जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ होती है। ऐसे में अच्छे आचरण के आधार पर समयपूर्व रिहाई के साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण और पुनर्वास की पहल बंदियों को नई दिशा देने में सहायक हो सकती है। सागर केंद्रीय जेल से समयपूर्व रिहा किए गए नौ बंदियों में होतीलाल (पिता अर्जुन चढ़ार), बाबू सिंह (पिता लक्ष्मण गौड़), भंवर सिंह (पिता बैनीप्रसाद राजपूत), सूरज (पिता श्यामसुंदर जाटव), सोनू उर्फ सचिन (पिता नरेश सोनकर), प्रवीण (पिता खिलान कुर्मी, खुली जेल सागर), राकेश उर्फ गब्बू (पिता दशरथ धानक), केशरीनंदन (पिता परमलाल अहिरवार) और मोहन उर्फ मनमोहन (पिता देवसिंह लोधी) शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे