जबलपुर के सेंट्रल जेल के बाथरूम में विचाराधीन बंदी ने लगाई फांसी, जांच जारी
जबलपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर की केंद्रीय जेल से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक विचाराधीन बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार की सुबह की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बंदी की पहचान गुड्डू उर्फ राजा (लगभग 60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के साई कॉलोनी का निवासी था। उसे थाना संजीवनी नगर के अपराध क्रमांक 273/2024 और सत्र प्रकरण क्रमांक 511/24 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में न्यायालय के आदेश पर 16 अगस्त 2024 को जेल में दाखिल किया गया था।
बताया जा रहा है कि बंदी का मामला जबलपुर के चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत में विचाराधीन था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे उसने जेल के अस्पताल खंड के वार्ड नंबर 3 स्थित शौचालय में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गईं। मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को केंद्रीय जेल पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन घटना के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

