केंद्रीय कारागृह में फिर मिली अवांछनीय सामग्री : बंदी के पास मिला एंड्राइड फोन
इफ्तार पार्टी मामले में एक और बंदी गिरफ्तार, जेल भेजा
जोधपुर, 28 मार्च (हि.स.)। जोधपुर केंद्रीय कारागृह में अवांछनीय सामग्री मिलना जारी है। जेल में चलाए गए तलाशी अभियान में एक विचाराधीन बंदी के पास में एंड्राइड फोन मिला। बंदी के खिलाफ रातानाडा थाने में रिपोर्ट दी गई। वहीं जेल में गत दिनों हुई इफ्तार पार्टी प्रकरण में एक और आरोपित को पुलिस ने जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। उसे शनिवार काे न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया। अब तक तीन लोगों को पकड़ा गया और पूछताछ की गई।
रातानाडा पुलिस ने बताया कि कार्यवाहक उपाधीक्षक कुलदीपसिंह की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि जेल में सर्च के दौरान एक विचाराधीन बंदी सूरज के पास में एंड्राइड फोन मिला है। फोन में सिमकार्ड नहीं है। उसके पास फोन कब और कैसे पहुंचा इस बारे में अब रातानाडा पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है।
इफ्तार पार्टी का एक और आरोपित गिरफ्तार :
रातानाडा पुलिस ने गत दिनों जेल में हुई रोजा इफ्तार पार्टी के वायरल फोटो प्रकरण में एक और आरोपित उदयपुर के सूरजपोल निवासी शेखर पुत्र सत्यप्रकाश को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपित से पूछताछ कर जेल भिजवाया गया है। मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। शेखर वर्ष 2019 में सूरजपोल उदयपुर के हत्या एवं हत्या प्रयास के केस में जेल में बंद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

